रांची: सिरमटोली स्थित सरना स्थल के समीप बनाए जा रहे फ्लाईओवर रैम्प के विरोध में सोमवार को विभिन्न आदिवासी संगठनों ने एकजुट होकर आंदोलन का बिगुल फूंका। संगठनों ने इसे केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, संस्कृति और आस्था पर सीधा प्रहार बताया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इस परियोजना को तुरंत नहीं रोका, तो वे मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे और झारखंड बंद बुलाएंगे। आंदोलन को और प्रभावशाली बनाने के लिए मुख्यमंत्री को काले झंडे और काली पट्टियों के साथ विरोध जताने की योजना भी बनाई गई है।
संगठनों का कहना है कि सरना स्थल आदिवासी समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जिसे किसी भी कीमत पर क्षतिग्रस्त नहीं होने दिया जाएगा। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि यह मामला केवल स्थानीय नहीं, बल्कि राज्य भर के आदिवासियों की अस्मिता से जुड़ा मुद्दा है।












