KhabarMantra: सेल चासनाला की महत्वाकांक्षी टासरा प्रोजेक्ट एक बार फिर विवादों में घिर गया है। शुक्रवार को प्रोजेक्ट से सटे रोहड़ाबाँध बस्ती के निवासियों ने अपने घरों में आई दरारों को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीयों का आरोप है कि बिना उचित विस्थापन के कोयला खनन के लिए की जा रही हैवी ब्लास्टिंग के कारण उनके घरों की दीवारों में गंभीर दरारें पड़ गई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस मामले की जानकारी खान सुरक्षा विभाग को दी थी। विभाग की टीम ने स्थल पर पहुँचकर जाँच की, परंतु दरारों की मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति कर लौट गई। उनका कहना है कि सेल प्रबंधन और उसके संवेदक कल्याणेश्वरी टासरा माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड (KTMPPL) जानबूझकर स्थानीय लोगों की समस्याओं की अनदेखी कर रहा है।
प्रभावित लोगों ने आशंका जताई कि ब्लास्टिंग के चलते किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उनका आरोप है कि ब्लास्टिंग की प्रक्रिया में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ गया है।
इस पूरे घटनाक्रम पर केटीएमपीएल के प्रोजेक्ट निदेशक टी. रमेश ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि घरों में दरारें पड़ी हैं तो कंपनी मरम्मत कार्य कराएगी। उन्होंने बताया कि सेल और राज्य सरकार विस्थापन की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है और प्रभावित परिवारों को जल्द पुनर्वासित किया जाएगा। रमेश ने आश्वासन दिया कि किसी को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
स्थानीयों की मांग:
- विस्थापन प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
- दरारों के लिए उचित क्षतिपूर्ति दी जाए।
- ब्लास्टिंग से पहले प्रभावित क्षेत्र की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








