पूरे देश में मौसम तेजी से करवट बदल रहा है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत दी है, वहीं देश के कुछ अन्य हिस्सों में तेज धूप और लू के कारण तापमान में इजाफा हुआ है.
झारखंड में उलझन भरा मौसम
झारखंड में मौसम पूरी तरह से कंफ्यूज कर देने वाला हो गया है. दिनभर तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप से लोग बेहाल हैं, लेकिन शाम ढलते ही अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो जाती है, जिससे मौसम खुशनुमा हो जाता है और लोगों को राहत मिलती है.
राजधानी रांची में आज का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बादल छाए रहने और उतार-चढ़ाव भरे मौसम की संभावना जताई है. एक ओर जहां बारिश की बूंदें राहत देती दिख रही हैं, वहीं दूसरी ओर गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं.
हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है. 14 और 15 मई को लू चलने की संभावना है और इन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, खासकर झारखंड के पूर्वी हिस्सों में. 15 मई तक गर्मी और उमस से लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है. हालांकि 16 और 17 मई को आसमान में आंशिक बादल छाने और गरज के साथ बारिश की संभावना है, जिससे मौसम फिर से ठंडा हो सकता है.
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कुछ इलाकों में गरज और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक वर्षा पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर में 10.2 मिमी हुई है. गोड्डा में सबसे अधिक तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज किया गया.
झारखंड समेत देश के कई हिस्सों में मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों के लिए राहत और चुनौती दोनों बनकर सामने आया है. ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देना और सतर्क रहना बेहद जरूरी है.












