Dhanbad: वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. जी. एल. प्रसाद ने कहा कि गर्मी का मौसम कई प्रकार की बीमारियाँ लेकर आता है। तेज धूप, बढ़ता तापमान, पसीना और दूषित भोजन-पानी के कारण लोग जल्दी बीमार पड़ते हैं। खासकर बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएँ इस मौसम में अधिक प्रभावित होते हैं।
उन्होंने बताया कि गर्मी में लू लगना, शरीर में पानी की कमी, घमौरियाँ, खुजली, उल्टी-दस्त, पेट खराब होना और सिरदर्द जैसी समस्याएँ आम हो जाती हैं। समय पर उपचार नहीं मिलने पर स्थिति गंभीर भी हो सकती है।
कई बीमारियों में होम्योपैथिक दवाइयाँ लाभकारी साबित होती हैं
डॉ. प्रसाद के अनुसार होम्योपैथी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर सुरक्षित और प्रभावी उपचार प्रदान करती है। धूप से होने वाले सिरदर्द, लू, कमजोरी, एलर्जी और पेट संबंधी समस्याओं में होम्योपैथिक दवाइयाँ लाभकारी साबित होती हैं। हालांकि किसी भी दवा का सेवन चिकित्सकीय सलाह के बाद ही करना चाहिए।
उन्होंने लोगों को अधिक पानी पीने, घोल का सेवन करने, ताजे फल और हल्का भोजन लेने की सलाह दी। साथ ही धूप में निकलते समय सिर ढकने, बासी भोजन से बचने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की।







