KhabarMantra: कांग्रेस नेता ऋषिकेश सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए देशभर में निकाली जा रही ‘तिरंगा यात्रा’ को ‘राजनीतिक नौटंकी’ करार दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा देशभक्ति की आड़ में एक बार फिर अपनी पुरानी सांप्रदायिक चालें चल रही है.
ऋषिकेश सिंह ने बयान जारी करते हुए कहा, “देशभक्ति का लबादा ओढ़कर भाजपा एक बार फिर तिरंगे का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नाम पर निकाली जा रही यह तिरंगा यात्रा दरअसल आगामी चुनावों में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के ज़रिये वोट बटोरने की साजिश है.”
उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा को तिरंगा केवल चुनावों के समय ही क्यों याद आता है. “जनता अब जान चुकी है कि जब-जब चुनाव आता है, भाजपा को तिरंगा याद आता है,” सिंह ने कहा.
कांग्रेस नेता ने साफ कहा कि “तिरंगा किसी पार्टी की जागीर नहीं है. यह भारत की आत्मा है और भाजपा इसे झूठे राष्ट्रवाद के नाम पर कलंकित कर रही है.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा की इस नौटंकी का हर मंच पर पर्दाफाश करेगी.
राष्ट्रीय शोक की बजाय यात्रा क्यों?
सिंह ने देश में हाल में हुई हिंसक घटनाओं का हवाला देते हुए भाजपा से तीखे सवाल किए. उन्होंने कहा कि “देश में 26 नागरिकों की धर्म पूछकर हत्या कर दी गई, जम्मू-कश्मीर के पूंछ क्षेत्र में 15 से अधिक सिविलियन मारे गए, सैकड़ों घायल हुए, 7 जवान शहीद हो गए—इन परिस्थितियों में भाजपा को तिरंगा यात्रा निकालने की जगह राष्ट्रीय शोक मनाना चाहिए था.”
सीजफायर पर अमेरिकी भूमिका पर उठाए सवाल
भाजपा से तीखे सवाल करते हुए सिंह ने कहा कि भारत सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि अमेरिका ने भारत से पहले सीजफायर की घोषणा कैसे कर दी.
“अमेरिका के राष्ट्रपति कह रहे हैं कि उन्होंने व्यापारिक दबाव डालकर सीजफायर करवाया. अगर यह सच है, तो भारत की विदेश नीति और संप्रभुता पर यह गंभीर प्रश्न है.” उन्होंने आगे कहा, “अमेरिका पाकिस्तान जैसे देश को महान बता रहा है, जो खुलेआम आतंकवाद को पनाह देता है. यह भारत के सम्मान के साथ सीधा खिलवाड़ है.”
अंत में कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि वह स्पष्ट करें:
• भारत से पहले अमेरिका ने सीजफायर की घोषणा कैसे और क्यों की?
• क्या वाकई अमेरिका के दबाव में यह निर्णय लिया गया?
• भारत की विदेश नीति अब अमेरिकी घोषणाओं के अधीन क्यों लगती है?
“अगर भाजपा इन सवालों का जवाब नहीं दे सकती, तो उसे देश से माफी मांगनी चाहिए,” सिंह ने कहा.













