गिरिडीह: कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित “संविधान बचाओ रैली” अब 26 मई को निकाली जाएगी। इसे लेकर गुरुवार दोपहर गिरिडीह के बक्सीडीह रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस रैली को भव्य रूप दिया जाएगा। इसमें कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और पार्टी के चारों मंत्री को आमंत्रित किया जाएगा।
गौरतलब है कि पूर्व सांसद तिलकधारी सिंह के निधन और भारत-पाक युद्ध की स्थिति के कारण यह रैली पूर्व में स्थगित कर दी गई थी। अब इसे पूरे जोर-शोर से आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में जिले भर से कांग्रेस पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए ज़ोरदार तैयारी का संकल्प लिया।












