Ranchi: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला चौकीदार नियुक्ति समिति, रांची, मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में 16 मई को समाहरणालय सभागार में लिखित परीक्षा में योग्य अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को चौकीदार बहाली के निर्धारित नियमों का अक्षरशः अनुपालन करने और परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अभ्यर्थियों के लिए शौचालय, पेयजल, बिजली, पंखा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो। जीवन रक्षक दवाओं के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था एवं चिकित्सीय दल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा परीक्षा स्थल पर सीसीटीवी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
RFID चिप के माध्यम से शारीरिक जांच परीक्षा
चौकीदार नियुक्ति के लिए खेलगांव में RFID चिप के माध्यम से तकनीकी रूप से पारदर्शी वातावरण में शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को RFID चिप लगाने, हाइट मापने, रजिस्ट्रेशन आदि सभी प्रक्रियाओं की फूलप्रूफ तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
योग्यता ही चयन का आधार, ठगों से रहें सतर्क
सभी योग्य अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे शारीरिक जांच परीक्षा में पास करवाने का झांसा देनेवाले ठगों से सावधान रहें। चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की जा रही है और केवल अभ्यर्थियों की योग्यता ही चयन का आधार होगी।
टंकण त्रुटियों के बावजूद चार अभ्यर्थियों को राहत
तीन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में श्रेणी संबंधी टंकण त्रुटि के कारण अनुसूचित जनजाति के स्थान पर अनुसूचित जाति अंकित हो गया था। इन अभ्यर्थियों के प्राप्तांक अनुसूचित जनजाति के कट-ऑफ मार्क्स के बराबर या उससे अधिक होने के कारण उन्हें शारीरिक दक्षता जांच परीक्षा में शामिल करने का निर्णय लिया गया। इसी प्रकार, एक अभ्यर्थी ने आवेदन पत्र में EWS प्रमाण पत्र संलग्न किया था, लेकिन टंकण त्रुटि के कारण सामान्य श्रेणी अंकित हो गई थी। संबंधित अभ्यर्थी के अंक EWS कोटि के कट-ऑफ से अधिक हैं, इसलिए उसे भी शारीरिक जांच परीक्षा में शामिल किया जाएगा।
बैठक में डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची चंदन सिन्हा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुमित अग्रवाल, अनुमण्डल पदाधिकारी (सदर) उत्कर्ष कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









