Jharkhand: नव उदारवाद और नव फासीवाद के खिलाफ मजदूर वर्ग की व्यापक एकता कायम करने के संकल्प के साथ आज पूरे देश में सेंटर आफ इंडियन ट्रेड युनियंस (सीटू) का 55 वां स्थापना दिवस मनाया गया. झारखंड के औधोगिक इलाकों में कार्यस्थलों पर सीटू का लाल झंडा फहरा कर शासक वर्ग द्वारा श्रमिकों के अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ संघर्ष का दायरा और बड़ा किए जाने की शपथ ली गई. कोल्हान में सुदूर लौह अयस्क के खदानों किरीबुरु – मेघहातू बुरु से लेकर जमशेदपुर के औधोगिक परिसरों, धनबाद, रामगढ़ – हजारीबाग स्थित कोयला खनन के क्षेत्रों, बोकारो के इस्पात और बिजली कामगारों, कोडरमा के माईका मजदूरों और परियोजना कर्मियों, दुमका के परिवहन कामगारों, रांची के निर्माण मजदूरों व एचईसी के श्रमिकों और संताल परगना के बीड़ी श्रमिकों सहित संगठित और असंगठित क्षेत्र के हजारों मजदूर स्थापना दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए.
राजधानी रांची मे सीटू के राज्य कार्यालय में ट्रांसपोर्ट युनियन के साथी के. पी. राय ने झंडा फहराया इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य उपाध्यक्ष प्रकाश विप्लव ने सीटू की एकता और संघर्ष की लाइन को आगे बढ़ाने और 9 जुलाई की देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया. सीटू के कोषाध्यक्ष अनिर्वान बोस ने सीटू के इतिहास को बताते हुए कहा कि सीटू एकमात्र मजदूर संगठन है जो श्रमिक आंदोलन में वर्ग संघर्ष के लाइन की हिफाज़त करते हुए पूंजीवादी प्रणाली को खत्म कर समाजवादी समाज की स्थापना का लक्ष्य तय किया है. इस मौके पर बेफी के भी साथी मौजूद थे.












