रांची: झारखंड में 10 जून से लेकर 13 जून तक राज्य के कई इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने 11 जून के बाद तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान मेघ गर्जन के साथ कई क्षेत्रों में बारिश होगी.
मौसम केंद्र के अनुसार, 10 जून को पलामू और उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. 11 से 13 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है.
read more- 15 दिन भगवान जगन्नाथ के बिना दर्शन? जानिए क्यों होती है ये अनोखी परंपरा!
झारखंड का तापमान
झारखंड में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 23-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. राजधानी रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
वहीं, पलामू और डालटनगंज जैसे क्षेत्रों में अधिक गर्मी महसूस हो रही है. डालटनगंज का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जबकि गढ़वा में 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने सभी नागरिकों से मौसम की सतर्कता बरतने और बारिश के दौरान सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है. खासकर सड़क हादसों से बचने के लिए सावधानी बरतने को कहा गया है.
क्या करें बारिश के दौरान?
- तेज बारिश में अनावश्यक बाहर जाने से बचें.
- पानी भराव वाले इलाकों से दूर रहें.
- वाहन सावधानी से चलाएं, विशेषकर जलजमाव वाले क्षेत्रों में.
- मौसम विभाग के अपडेट लगातार देखें.
झारखंड में मानसून की बारिश के शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ खेतों को भी जरूरी पानी मिलेगा. लेकिन अचानक हुई तेज बारिश से सतर्क रहना आवश्यक है.












