Dhanbad News: महुदा के लालबंगला स्थित पुर्व मंत्री जलेश्वर महतो के घर के समीप वाहनों का जाम लगने के दौरान दो लोगों के बीच मारपीट हुई। जिससे माहौल गरम हो गया। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को शांत किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पूर्व मंत्री के घर के समीप एक घर में श्राद्ध कर्म चल रहा था। इस दौरान सड़क पर वाहनों का जाम लग गया। इसी बीच भाटडीह निवासी गुड्डु हजारी लालबंगला से अपने घर भाटडीह जा रहे थे। तभी विपरीत दिशा की ओर खड़ी माल वाहक वाहन के ड्राइवर लालबंगला निवासी कैलाश नोनिया से गाड़ी हटाने को लेकर बकझक शुरू हो गया। बहस होते होते दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गया। दोनों तरफ से दर्जनों लोग पहुंच गए, ततपश्चात मामला रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इसके बाद माहौल और ज्यादा भड़क उठा और चंद मिनटों में दोनों गुटों के समर्थक जमा हो गए। आरोप है कि गुड्डु हजारी ने कैलाश नोनिया के चाचा भरत नोनिया को थप्पड़ जड़ दिया, जिससे और मामला भड़क गया। पुलिस के सामने सड़क पर लाठी-डंडा, तलवारें लहराने लगे।
लगभग 2 घंटे मामला तनावपूर्ण रहने के पश्चात महुदा पुलिस ने दोनो पक्षों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। इस संबंध में भरत नोनिया ने महुदा थाना में लिखित शिकायत देकर गुड्डु हजारी पर मारपीट का आरोप लगाया है। महुदा थाना की भरत नोनिया के लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी भाटडीह बस्ती के गुडडू हजारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी देवानंद प्रसाद ने बताया कि मामला दर्ज कर कारवाई किया जा रहा है।












