Ranchi: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने शांतनु मिश्रा को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन का झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी के लिए शांतनु मिश्रा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और पंचायतों को उनके अधिकार दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत नेताओ का जताया आभार
शांतनु मिश्रा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल, झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी के प्रति धन्यवाद जताया।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के विचारों और लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण की भावना के अनुरूप ग्राम सभाओं तथा पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए काम किया जाएगा। ग्रामीण जनता की भागीदारी बढ़ाने और गांवों के अंतिम व्यक्ति तक लोकतंत्र की पहुंच सुनिश्चित करना भी संगठन के प्रमुख उद्देश्यों में रहेगा।
मिश्रा ने कहा कि वह नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
सशक्त ग्राम सभा राजीव गांधी के सपनों के भारत की वास्तविक नींव
उन्होंने कहा, “सशक्त ग्राम सभा, अधिकार संपन्न पंचायत और जनभागीदारी पर आधारित लोकतंत्र ही राजीव गांधी के सपनों के भारत की वास्तविक नींव है।”
मिश्रा ने विश्वास जताया कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से झारखंड में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने तथा कांग्रेस की विचारधारा को गांवों तक पहुंचाने के प्रयासों को गति मिलेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








