Bihar News: पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अध्यक्षता में हुए बिहार कैबिनेट की बैठक में 20 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है. बता दें, बैठक में बिहार के लिए एक बड़ी सौगात पर मुहर लगी है. इस दौरान कैबिनेट ने राज्य के छह बंद पड़े एयरपोर्ट फिर से जिंदा करने का फैसला लिया है. कैबिनेट ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और बिहार सरकार के बीच समझौता ज्ञापन को मंजूरी दी है, जिसके तहत इन छोटे हवाई अड्डों को उड़ान योजना के तहत विकसित किया जाएगा.
इन छह एयरपोर्ट में शामिल हैं:
- मधुबनी का भौर एयरपोर्ट
- सुपौल के वीरपुर
- पश्चिम चंपारण के बाल्मीकिनगर
- मुजफ्फरपुर का पताही
- सहरसा
- मुंगेर
ये एयरपोर्ट दरभंगा, तिरहुत, कोसी और मुंगेर प्रमंडल में आते हैं और हर एक के विकास पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
क्यों है ये बड़ी खबर?
हाल ही में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की टीम ने पताही एयरपोर्ट का गहन निरीक्षण किया. रिपोर्ट के मुताबिक, यहां छोटे विमान की उड़ानें शुरू करने की पूरी तैयारी है और किसी भी अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की ज़रूरत नहीं पड़ेगी.
बिहार सरकार द्वारा उठाए गए इस कदम से बिहार के हवाई नेटवर्क को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा, जिससे व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई उड़ान मिलेगी.













