Jharkhand News: बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि बड़कागांव में बिजली की स्थिति दिनों-दिन खराब होती जा रही है. इसके समाधान के लिए उन्होंने बिजली निगम, विधानसभा और कैबिनेट स्तर तक प्रयास कर स्वीकृति भी दिलवाई थी, बावजूद इसके क्षेत्र में समस्या जस की तस बनी हुई है.
अम्बा प्रसाद ने डीवीसी और केंद्र सरकार पर लगाया आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि डीवीसी, जो केंद्र सरकार के अधीन है, मनमाने ढंग से बिजली आपूर्ति रोक रही है. इसी तरह NTPC भी केंद्र सरकार से जुड़ी संस्था है, लेकिन इन दोनों की निष्क्रियता से आम जनता परेशान है. पूर्व विधायक ने सवाल उठाया कि जब बड़कागांव के वर्तमान विधायक और हजारीबाग के सांसद दोनों भाजपा से हैं, तब भी बिजली व्यवस्था क्यों नहीं सुधर रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के जनप्रतिनिधि सिर्फ सरकार-सरकार का खेल खेल रहे हैं, जबकि जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रही है.
“डीवीसी मनमानी करते हुए बिजली काट रही है- अम्बा प्रसाद”
उन्होंने कहा, हमने जो प्रयास किए थे, उस रास्ते पर चलने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है. बीजेपी के नेता लोगों को सिर्फ गुमराह कर रहे हैं, जबकि डीवीसी मनमानी करते हुए बिजली काट रही है. अंबा प्रसाद ने हाल ही में रांची जाकर बिजली विभाग के अधिकारियों से भी मुलाकात की थी. उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब से राज्य में इंडिया गठबंधन की सरकार बनी है, डीवीसी लगातार राज्य को बिजली संकट में डालने का काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि बड़कागांव में फिलहाल दिन भर में केवल 2 से 3 घंटे ही बिजली मिल रही है, जिससे आम जनता का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. पूर्व विधायक ने साफ किया कि वे इस मुद्दे पर चुप बैठने वाली नहीं हैं और जनता के हक के लिए लगातार संघर्ष करती रहेंगी.













