Jharkhand: कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के झारखंड को लेकर दिए गए विवादित बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि गिरिराज सिंह अक्सर सुर्खियों में बने रहने के लिए भड़काऊ बयान देते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने सभी सीमाएं पार कर दी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या झारखंड कोई गुलाम राज्य है जिसे आजाद करने की जरूरत है? भारत का यह राज्य संविधान और लोकतंत्र के तहत समान अधिकारों के साथ संगठित है।
शाहदेव ने स्पष्ट रूप से कहा कि झारखंड में यदि कहीं बांग्लादेशी घुसपैठ की बात सामने आती है तो इसके लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरी तरह जिम्मेदार है। उन्होंने बताया कि झारखंड की कोई भी सीमा अंतर्राष्ट्रीय सीमा से नहीं जुड़ती, ऐसे में भाजपा को बताना चाहिए कि आखिर घुसपैठ हुई कैसे?
उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होती है और जिन राज्यों से संभावित घुसपैठ हो सकती है, वहां भी भाजपा की ही सरकार है। ऐसे में यदि बांग्लादेशी घुसपैठ हुई है तो उसकी सीधी जिम्मेदारी केंद्र और भाजपा सरकार की है।
शाहदेव ने यह भी याद दिलाया कि 2019 विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने घुसपैठ के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया था, लेकिन जनता ने उस एजेंडे को पूरी तरह खारिज कर गठबंधन सरकार को बहुमत दिया।
आपातकाल के मुद्दे पर भाजपा नेताओं के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जिस पार्टी के मंच से गिरिराज सिंह बोल रहे थे, उसका गठन भी आपातकाल के दौरान नहीं हुआ था। इसलिए इतिहास को तोड़-मरोड़कर राजनीति करने की आदत भाजपा को छोड़नी चाहिए।












