Giridih: गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड स्थित इसरी बाजार में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कोयला लदी 14 चक्का ट्रक की तेज रफ्तार और कथित लापरवाही ने कुछ ही सेकंड में पांच लोगों की जान ले ली, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद
यह पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि डुमरी की ओर से आ रही अनियंत्रित ट्रक पहले शादी का सामान ले जा रहे वाहन को टक्कर मारती है।
इसके बाद सड़क किनारे खड़ी बाइक और अन्य वाहनों को रौंदते हुए एक दुकान और दीवार से जा टकराती है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी रामनिवास यादव और एसपी डॉ बिमल कुमार देर रात तक मौके पर डटे रहे। राहत और बचाव कार्य के लिए दो क्रेन और दो जेसीबी मशीन लगाई गईं। सुबह करीब तीन बजे ट्रक हटाया गया। प्रशासन को आशंका थी कि ट्रक के नीचे और लोग दबे हो सकते हैं।
पुलिस ने ट्रक नंबर JH 02 BL 1853 के ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, एसपी ने जांच के आदेश देते हुए पूछा है कि आखिर भीड़भाड़ वाले बाजार में इतनी तेज रफ्तार से ट्रक कैसे पहुंची। डीसी ने भी डीटीओ से वाहन की तकनीकी और रूट संबंधी रिपोर्ट मांगी है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.











