Hazaribagh: झारखंड के Hazaribagh में 12 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सभी से गहन पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
जांच में तेजी, कई अहम सुराग हाथ लगे
जिले के एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि जांच टीम को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
उन्होंने कहा, “हमारे पास कुछ अहम क्लू हैं। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।”
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जुटाए गए सबूतों के आधार पर संदिग्धों से लगातार पूछताछ हो रही है और जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई भी संभव है। इस जघन्य अपराध की जांच के लिए 3 सदस्यीय SIT का गठन किया गया है।
हाई कोर्ट सख्त, प्रशासन से मांगा जवाब
मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड हाई कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। कोर्ट ने राज्य सरकार और डीजीपी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
क्या है पूरा मामला?
एफआईआर के मुताबिक, 24 मार्च की रात बच्ची अपनी मां के साथ रामनवमी के अवसर पर निकली मंगला शोभायात्रा देखने गई थी। इसी दौरान उसका कथित अपहरण कर लिया गया।
अगले दिन उसका शव एक खेत से बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
सियासत गरम, झारखंड बंद की चेतावनी
घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने बिष्णुगढ़ में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने चेतावनी दी है कि अगर दो दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 3 अप्रैल को पूरे झारखंड में बंद बुलाया जाएगा।












