Jharkhand News: ओरमांझी स्थित भगवान बिरसा जैविक उद्यान में रह रही मादा जिराफ ‘मिष्टी’ की बुधवार देर रात बाड़े में फिसलकर गिरने से मौत हो गई। करीब 6 साल की उम्र में हुई इस असामयिक मौत से न सिर्फ उद्यान प्रबंधन, बल्कि पशु प्रेमी भी सदमे में हैं।
गुरुवार को रांची पशु चिकित्सा महाविद्यालय के पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. एम.के. गुप्ता के नेतृत्व में विशेषज्ञों की एक टीम ने पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि गिरने से गंभीर आंतरिक चोटें आई थीं, जो जिराफ की मौत का कारण बनीं।
हाल ही में कोलकाता से लायी गई थी ‘मिष्टी’
‘मिष्टी’ को 8 अगस्त 2025 को कोलकाता के अलीपुर चिड़ियाघर से जीव-आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत रांची लाया गया था। वह बिरसा जैविक उद्यान के आकर्षण का केंद्र बन चुकी थी। उद्यान प्रबंधन का कहना है कि मिष्टी की देखभाल में कोई कमी नहीं थी और वह स्वस्थ थी।
इस घटना ने झारखंड में वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन पर भी सवाल खड़े किए हैं।












