Dhanbad News: धनबाद रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवकों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का धनबाद पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला धनबाद थाना कांड संख्या 59/26, दिनांक 12 फरवरी 2026 से संबंधित है। वही प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने यह जानकारी दी।
Dhanbad News: नौकरी दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी
वहीं बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों ने रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से करीब 40 लाख 47 हजार रुपये की ठगी की। शिकायत के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में संजीत कुमार (30 वर्ष), पिता जमुना ओझा, निवासी ठाकुरकुल्ही तथा सुबोध कुमार (32 वर्ष), पिता हृदय नारायण यादव, निवासी भुइफोड़, वर्तमान पता तपोवन कॉलोनी, सरायढेला शामिल हैं।
नकद, दो कारें तथा कई मोबाइल फोन व सिम कार्ड जब्त
Dhanbad News: पुलिस ने आरोपियों के पास से रेलवे नौकरी से संबंधित फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, स्पोर्ट्स कोटा प्रमाणपत्र, अभ्यर्थियों के आधार कार्ड, शैक्षणिक कागजात एवं अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा आईआरसीटीसी की मुहर, विभिन्न बैंकों के चेकबुक, 20 हजार रुपये नकद, दो कारें तथा कई मोबाइल फोन व सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। मामले की जांच करते हुए ठगी के पूरे नेटवर्क और पीड़ितों की संख्या का पता लगाया जा रहा है।












