सिंदरी: जीटी रोड स्थित शराब दुकानों की वजह से सड़कों पर जाम, लड़ाई-झगड़े और आम जनजीवन प्रभावित होने के चलते ह्यूमैनिटी हेल्पिंग हैंड्स संस्था के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मंगलवार को सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो को ज्ञापन सौंपा. यह ज्ञापन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम दिया गया, जिसमें जीटी रोड स्थित शराब दुकानों को 200 मीटर दूर स्थानांतरित करने की मांग की गई.
Read more: खान सर ने स्टूडेंट्स को यूं सुनाई अपनी वेडिंग न्यूज, बोले– पहले देश फिर दुल्हन!
सामाजिक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर उठी आवाज
संस्था के अध्यक्ष गौतम मंडल ने बताया कि धनबाद के मेमको मोड़, गोल बिल्डिंग मोड़, विनोद बिहारी महतो चौक और तेतुलमारी चौक सहित कई स्थानों पर शराब दुकानों की वजह से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का सुरक्षित निकलना मुश्किल हो गया है. शाम होते ही शराबियों की भीड़ लग जाती है, जिससे सड़क पर गाड़ियों का काफिला बनता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है.
Read more: सिंदरी में एटीएम की कमी से जनता परेशान, चेम्बर अध्यक्ष ने उठाई आवाज
राजनीतिक और प्रशासनिक हस्तक्षेप की अपील
ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को लेकर संस्था ने झारखंड सरकार के उत्पाद एवं मद्य निषेध विभागीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद, धनबाद सांसद ढुलू महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, टुंडी विधायक मथुरा महतो, डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो, धनबाद उपायुक्त और नगर निगम के आयुक्त को पत्र भेजकर इस मुद्दे पर हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है. ज्ञापन सौंपते समय गौतम कुमार मंडल, अनिकेत मंडल, रोहित महतो, सौरव कुमार, चिरंजीत, रणजीत, राहुल मंडल और राजू अंसारी सहित कई अन्य लोग मौजूद थे.












