रांची: झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने के लिए एक ऐतिहासिक पहल की गई है। राजधानी रांची में विश्वस्तरीय मेडिको सिटी का निर्माण होगा, जिसके लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) ने ₹2800 करोड़ की वित्तीय सहायता को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना रिमपास (RINPAS) के समीप विकसित की जाएगी और इसे राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव का आधार माना जा रहा है।
read more: सोनारडीह में युवक हथियार के साथ गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस बरामद
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने की नहीं होगी जरूरत
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि, अब झारखंड के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने की ज़रूरत नहीं होगी। मेडिको सिटी में हृदय, किडनी, लीवर सहित अन्य जटिल रोगों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर और अत्याधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। यह कदम झारखंड को हेल्थकेयर सेक्टर में नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।
सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की दिशा में ठोस योगदान
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, झारखंड स्टेट हेल्थ सोसाइटी की कार्यकारी निदेशक डॉ. नेहा अरोड़ा और ADB की प्रतिनिधि सुश्री सोनालिनी खेत्रपाल मौजूद रहीं। मंत्री ने जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि, यह परियोजना स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक विकास की धुरी बनेगी। मेडिको सिटी यह सुनिश्चित करेगी कि हर नागरिक को अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।
नई पहचान की ओर झारखंड
मेडिको सिटी का निर्माण न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करेगा, बल्कि झारखंड को देश का हेल्थ डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। यह पहल झारखंड की प्रगति और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनने जा रही है।











