Bihar News: आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने बिहार की जनता को एक के बाद एक बड़ी सौगातें देना शुरू कर दिया है. एक अगस्त से 125 यूनिट मुफ्त बिजली की घोषणा के बाद अब मुख्यमंत्री ने रसोईयों, रात्रिप्रहरियों और शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों के मानदेय में दोगुनी बढ़ोतरी करने का बड़ा ऐलान किया है.
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि, “शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में इन कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है, इसलिए उनके मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की जा रही है.”
बढ़ाए गए मानदेय की प्रमुख घोषणाएं:
- मध्याह्न भोजन योजना में कार्यरत रसोइयों का मानदेय
₹1650 से बढ़ाकर ₹3300 प्रति माह - माध्यमिक एवं उच्च विद्यालयों में कार्यरत रात्रि प्रहरियों का मानदेय
₹5000 से बढ़ाकर ₹10,000 प्रति माह - स्वास्थ्य अनुदेशकों एवं शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षकों का मानदेय
₹8000 से बढ़ाकर ₹16,000 प्रति माह - इनके साथ ही वार्षिक वेतनवृद्धि ₹400 तय की गई है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2005 में राज्य का शिक्षा बजट ₹4366 करोड़ था, जो अब बढ़कर ₹77,690 करोड़ हो गया है. यह दर्शाता है कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और मानव संसाधन पर लगातार निवेश कर रही है.
उन्होंने यह भी कहा कि मानदेय में की गई यह वृद्धि कर्मियों का मनोबल बढ़ाएगी और वे अपने कार्य को और अधिक लगन और उत्साह से अंजाम देंगे.













