Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में एयर एंबुलेंस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान परिजनों ने राज्य सरकार से सरकारी नौकरी और मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री ने सभी पीड़ित परिवारों की बातों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनकी हर संभव सहायता करेगी और उन्हें उचित राहत प्रदान की जाएगी।
परिजनों ने रखी नौकरी और मुआवजे की मांग
मुलाकात के दौरान मृतकों के परिजनों ने आर्थिक सहायता के साथ-साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले में सकारात्मक पहल करेगी और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस मौके पर राज्य सरकार के मंत्रीगण भी मौजूद रहे। साथ ही हादसे में मृत संजय कुमार के बड़े भाई विजय कुमार और ध्रुव कुमार के पिता दिनेश प्रसाद सहित अन्य परिजन भी उपस्थित थे।
23 फरवरी को हुआ था दर्दनाक हादसा
गौरतलब है कि 23 फरवरी 2026 को एक गंभीर रूप से झुलसे मरीज संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए रांची से दिल्ली एयर एंबुलेंस के जरिए ले जाया जा रहा था।
चतरा के पास पहुंचते ही एयर एंबुलेंस क्रैश हो गया, जिसमें कुल सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी, भांजा ध्रुव कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता, पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा, पायलट विवेक विकास भगत और को-पायलट स्वराजदीप सिंह शामिल थे।
सरकार ने दिया भरोसा, जल्द मिल सकती है राहत
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद अब पीड़ित परिवारों को उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही सरकारी सहायता, मुआवजा और रोजगार से जुड़ी राहत मिल सकती है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








