Ranchi News: केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में की गई GST दरों में कटौती पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अजय राय ने इसे आम जनता के लिए एक एतिहासिक और जनहितकारी निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की नीति पर कार्य कर रही है।
छात्रों और अभिभावकों को बड़ी राहत
अजय राय ने कहा कि शैक्षणिक सामग्री पर GST में की गई कटौती खास तौर पर झारखंड जैसे राज्य के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी। राज्य में लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं और अभिभावकों को शिक्षा पर भारी खर्च करना पड़ता है। नई टैक्स दरों से शिक्षा संबंधी वस्तुएं सस्ती होंगी और अभिभावकों का आर्थिक बोझ कम होगा।
किसानों और व्यापारियों को भी मिलेगा सीधा फायदा
उन्होंने कहा कि कृषि उपकरणों और आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स में कटौती से झारखंड के किसानों को राहत मिलेगी और उनकी आय में बढ़ोतरी होगी। साथ ही, छोटे व्यापारियों को कर में कमी से लाभ मिलेगा, जिससे स्थानीय बाजारों में व्यापार को मजबूती मिलेगी।
read more- Breaking News: पलामू के केदल जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, दो जवान शहीद, एक घायल
ग्रामीण और शहरी अर्थव्यवस्था को नई गति
राय ने कहा कि यह निर्णय ग्रामीण और शहरी दोनों अर्थव्यवस्थाओं को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि झारखंड की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
विपक्ष पर साधा निशाना
अजय राय ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल आलोचना और भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं, जबकि मोदी सरकार लगातार ऐसे फैसले ले रही है जो सीधे जनता के जीवन स्तर को सुधारने का काम कर रहे हैं।
जनता से अपील
उन्होंने झारखंड की जनता से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की इस जनकल्याणकारी नीति का लाभ लें और “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने में भाजपा का साथ दें।
read more- मुख्यमंत्री मंईयां योजना से महिलाओं के चेहरे खिले, खातों में आई ₹2,500 की रकम













