Ranchi: रांची पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक 14-चक्का ट्रक से 23,268 बोतल विदेशी शराब जब्त की है, जिसे प्लास्टिक बोरियों में भरकर रूई की आड़ में छिपाया गया था। इस कार्रवाई में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
Read More: दरोगा पर छात्रा से शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप, महिला थाना में केस दर्ज
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को 22 जुलाई को सूचना मिली थी कि गुमला की ओर से आ रहे एक भारी वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लादकर रांची लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही रांची के उपमहानिरीक्षक-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने बेड़ो थाना क्षेत्र के असरो भारत पेट्रोल पंप के पास NH-43 पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान हुआ खुलासा
संदिग्ध ट्रक को रुकवाने के बाद चालक और खलासी ने ट्रक में भरे सामान के बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया। जब ट्रक खोलकर जांच की गई तो उसमें McDowell’s No. 1 ब्रांड की हजारों बोतलें बरामद हुईं, जिन्हें रूई की बोरियों के नीचे छुपा रखा गया था। पूछताछ में दोनों गिरफ्तार आरोपियों के पास शराब से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
- अर्जुन सिंह उर्फ अर्जुन चौधरी (44 वर्ष), निवासी – ग्राम सनावड़ा, थाना सदर, जिला बाड़मेर, राजस्थान।
- जगदीश कुमार (19 वर्ष), निवासी – ग्राम कापराऊ, थाना चौहटन, जिला बाड़मेर, राजस्थान।
जब्त शराब का विवरण
| ब्रांड | पैकिंग साइज | कार्टून | कुल बोतलें |
|---|---|---|---|
| McDowell’s No.1 | 180 ml | 277 | 13,296 बोतलें |
| McDowell’s No.1 | 375 ml | 305 | 7,320 बोतलें |
| McDowell’s No.1 | 750 ml | 221 | 2,652 बोतलें |
| कुल | 23,268 बोतलें |
पुलिस का बयान
पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई राज्य में अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।












