रांची/रामगढ़: झारखंड में एक बार फिर संगठित अपराध की वापसी होती नजर आ रही है। रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में सुबह करीब 8 बजे बाइक सवार अपराधियों ने रेलवे साइडिंग पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि यह फायरिंग कथित तौर पर ‘लेवी’ की मांग को लेकर की गई। गोलीबारी के तुरंत बाद तीनों हमलावर वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने इलाके को घेरकर शुरू की जांच
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने अपने चेहरों को गमछे से ढका हुआ था और बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। पतरातु के एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने बताया कि मामले की जांच तेज़ी से चल रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास महत्वपूर्ण सुराग हैं, जिनके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
‘AZAD SIRKAR’ नाम के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट जारी
फायरिंग की यह वारदात केवल स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा करने तक सीमित नहीं रही। घटना के दो घंटे के भीतर ‘AZAD SIRKAR’ नाम के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट जारी कर फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में दावा किया गया कि “अमन गैंग” फिर से सक्रिय हो चुका है और यह केवल शुरुआत है। पोस्ट में लिखा गया कि अगर बिना गैंग की जानकारी और “सेटलमेंट” के कोई भी कार्य किया गया तो परिणाम भुगतने होंगे।
फेसबुक पोस्ट में मजदूरों से भी अपील की गई कि वे काम शुरू करने से पहले अपने ठेकेदार या मालिक से यह जरूर जान लें कि गैंग से बात हुई है या नहीं। साथ ही कहा गया कि उनका उद्देश्य श्रमिकों को नुकसान पहुंचाना नहीं है, लेकिन चेतावनी दी गई है कि आदेशों की अनदेखी करने पर किसी को नहीं छोड़ा जाएगा।
हालांकि, पुलिस ने अब तक किसी विशेष गैंग के शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लेकिन सोशल मीडिया पर आई जिम्मेदारी और घटनास्थल की परिस्थितियां संगठित अपराध की ओर इशारा कर रही हैं।











