Arvind kejriwal: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कथित एक्साइज पॉलिसी स्कैम मामले में शुक्रवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए CBI का आरोपपत्र स्वीकार नहीं किया। विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 21 अन्य लोगों को बरी कर दिया।
राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगी मनीष सिसोदिया को आरोपों से बरी कर दिया है। कोर्ट ने साफ कर दिया कि केवल बिना ठोस और पर्याप्त सबूत के लगाए गए आरोपों पर विश्वास नहीं किया जा सकता। फैसले के बाद केजरीवाल का भावुक होने वाला वीडियो सामने आया, जिसमें केजरीवाल ने अदालत के फैसले को सच्चाई की जीत बताया।
Arvind kejriwal ने कहा आदमी पार्टी ‘कट्टर ईमानदार’ है
अरविंद केजरीवाल ने अदालत से रिहा होने के बाद कहा कि अदालत का इस फैसले से साबित होता है कि वे और उनकी पार्टी ‘आम आदमी पार्टी’ कट्टर ईमानदार’ हैं। उन्होंने कहा कि हम हमेशा कहते रहे हैं कि सच्चाई की जीत होती है, हमें भारतीय न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। साथ ही उन्होंने अमित शाह और मोदी पर निशाना साधते हुए साजिश का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी के 5 बड़े नेताओं को जेल में डाला गया और मुख्यमंत्री को भी जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि मैं भ्रष्ट नहीं हूं, मैंने केवल ईमानदारी कमाई है। इतना कहकर वे भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू गिरने लगे।
कोर्ट ने कहा कि आरोप पत्र में कई ऐसी कमियां हैं जिनका सबूतों से समर्थन नहीं मिलता। अदालत के अनुसार कथित साजिश के आरोप न्यायिक जांच में साबित नहीं हो पाए हैं। बता दें कि सीबीआई आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्ववर्ती सरकार द्वारा अब रद्द की जा चुकी एक्साइज पॉलिसी के निर्माण और कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार की जांच कर रही थी।
दिल्ली हाईकोर्ट जाएगी सीबीआई
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट जाएगी। राउज एवेन्यू कोर्ट ने कहा कि आप नेताओं की कथित साजिश का सबूत नहीं मिला। साथ ही कोर्ट ने कहा कि आरोप न्यायिक जांच में खरे नहीं उतरे।
कोर्ट से अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जब अपने घर पहुंचे, तो परिवार ने दोनों नेताओं पर फूल बरसाए और उनका स्वागत किया।












