राँची: राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र के राधा नगर में ठगी का एक मामला सामने आया है। यहाँ साधु के वेश में आए दो ठगों ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुनीता देवी को परिवार पर विपत्ति आने की बात कहकर डराने की कोशिश की। हालांकि, महिला की सूझबूझ और समय पर शोर मचाने से ठगों के मंसूबों पर पानी फेर गया।
कैसे हुई घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी (65) बाजार से सामान लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में साधु के वेश में दो संदिग्ध लोग पहुँचे और उन्हें परिवार पर आने वाली किसी बड़ी विपत्ति का भय दिखाने लगे। ठगों की नीयत भांपते ही सुनीता देवी ने घबराने के बजाय तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया।
भीड़ जुटते ही भागे ठग
महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे। भीड़ को जुटता देख दोनों फर्जी साधु मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में सतर्कता देखी जा रही है। पुलिस ऐसे संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
सीनियर कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और प्रशासनिक गतिविधियों पर जमीनी रिपोर्टिंग।







