Ranchi: रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित आदिवासी एकता महाजुटान में परिसीमन, जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों के मुद्दे प्रमुखता से उठे। सभा में पूर्व विधायक बंधु तिर्की और झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए आदिवासी समाज से संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।
लोकसभा और विधानसभा की सीटों तक सीमित नहीं है
पूर्व विधायक बंधु तिर्की ने कहा कि परिसीमन की लड़ाई सिर्फ लोकसभा और विधानसभा की सीटों तक सीमित नहीं है। यह आदिवासी समाज के संवैधानिक और राजनीतिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड की पहचान और सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
झारखंड को “नागपुर” बनाने का प्रयास कर रही हैं
उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें झारखंड को “नागपुर” बनाने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन यह बिरसा मुंडा और वीर बुधु भगत की धरती है। तिर्की ने धर्म के नाम पर लोगों को बांटने और सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक प्रचार किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने झारखंड की सामाजिक एकता और वर्षों पुराने सामुदायिक रिश्तों का उल्लेख करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
परिसीमन को लेकर तिर्की ने कहा कि यदि केवल जनसंख्या को आधार बनाकर आदिवासियों की राजनीतिक हिस्सेदारी घटाने का प्रयास किया गया तो इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पांचवीं अनुसूची, पेसा और मनरेगा समेत आदिवासी हितों से जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को मजबूत करने की बात कही।
भाजपा आदिवासियों को “वनवासी” कहती है-के. राजू
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि भाजपा आदिवासियों को “वनवासी” कहती है, जबकि राहुल गांधी उन्हें आदिवासी और मूलवासी मानते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आदिवासी अधिकारों की लड़ाई में साथ रहे हैं। के. राजू के अनुसार, रैली से पहले उनकी राहुल गांधी से बातचीत हुई थी और उन्होंने परिसीमन को लेकर आदिवासी समाज की चिंता का संदेश दिया।
के. राजू ने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के जरिए आदिवासी सीटों की संख्या कम करना चाहती है। उन्होंने कहा कि आदिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक एकजुटता और जनसंघर्ष जरूरी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








