मैथन: ईसीएल मुगमा एरिया की बैजना कोलियरी से 12 कर्मचारियों के चापापुर कोलियरी में स्थानांतरण के खिलाफ बिहार कोलियरी कामगार यूनियन (बीसीकेयू) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन ने प्रबंधन पर मनमाने ढंग से कर्मचारियों का तबादला करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान यूनियन ने इसे मजदूरों के साथ अन्याय करार दिया।
यूनियन अध्यक्ष आगम राम ने बताया कि सर्वे विभाग के जिन कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जा रहा था, उन्हें बैजना कोलियरी के रोल में ही बनाए रखने की योजना थी, जो नियमतः गलत है। उन्होंने कहा कि यह कदम मजदूरों को मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश है और यूनियन इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदर्शन के बाद कोलियरी प्रबंधन ने स्थानांतरण को फिलहाल स्थगित करने और मामले की समीक्षा का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन कर रहे मजदूर शांत हुए। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राम जी यादव और अमित मुखर्जी ने किया।
बीसीकेयू ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में इस तरह की कोई कार्रवाई दोबारा की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।












