मैथन (धनबाद): हाल ही में मैथन क्षेत्र में हुई बाइक लूट की घटना की जांच में जुटी पुलिस की कार्रवाई पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कड़ा ऐतराज जताया है। गुरुवार को झामुमो के जिलाध्यक्ष लखी सोरेन और प्रखंड अध्यक्ष रामनाथ सोरेन ने मैथन ओपी प्रभारी आकृष्ट अमन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें निलंबित करने की मांग की है।
झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस निर्दोष लोगों को बेवजह परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि तिलकाडीह निवासी शिबू मरांडी, जो एक दैनिक मजदूर है, को सिर्फ मोबाइल लोकेशन के आधार पर शक के घेरे में लिया गया। बुधवार रात पुलिस ने शिबू के घर की तलाशी ली, लेकिन कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।
नेताओं का कहना है कि पूछताछ के लिए शिबू खुद थाने गया था और उसने अपनी बेगुनाही के सभी साक्ष्य पेश किए। बावजूद इसके, थानेदार ने घर में देर रात तलाशी कर पुलिसिया धौंस दिखाया। आरोप यह भी है कि तलाशी के दौरान महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं, जिससे थानेदार की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे धनबाद एसएसपी से मुलाकात कर थानेदार को सस्पेंड करने की मांग करेंगे। जरूरत पड़ी तो पीड़ित परिवार को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराएंगे।
वहीं, ओपी प्रभारी आकृष्ट अमन ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि शिबू को पूछताछ के बाद घर छोड़ा गया और तलाशी के दौरान महिला पुलिसकर्मी मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि लूट में शामिल आरोपी लाल शर्ट पहने थे, जिसके आधार पर ही तलाशी ली गई थी।
मैथन में बढ़ते अपराधों के बीच पुलिस की कार्रवाई और राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया से माहौल गरमाता जा रहा है। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में जिला प्रशासन क्या रुख अपनाता है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









