Political News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आदित्य साहू, सांसद (राज्यसभा) को भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति रवींद्र कुमार राय की जगह की गई है और तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
इस नई जिम्मेदारी के साथ आदित्य साहू पर पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने का दायित्व रहेगा, विशेष रूप से आगामी चुनावों के मद्देनज़र यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बाबूलाल मरांडी का बड़ा आरोप
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध कोयला व्यापार को लेकर झारखंड सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के संरक्षण में यह “काला कारोबार” फल-फूल रहा है।
मरांडी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जैसे मुंशी प्रेमचंद की ‘दो बैलों की कथा’ प्रसिद्ध है, वैसे ही अब रांची में ‘दो कारोबारियों की कथा’ चर्चित हो रही है – मनोज और किशन साहब की जोड़ी।
“काले पैसे की काली कार और काला खेल” – मरांडी का तंज
मरांडी ने कहा कि मोरहाबादी क्षेत्र में एक लग्ज़री होटल के बाहर खड़ी रहने वाली काली BMW कार अब आम चर्चा का विषय बन चुकी है। होटल के अंदर कारोबारी बैठकों जैसा माहौल होता है, लेकिन असल में वहां कोयला लोडिंग, रेट फिक्सिंग और अवैध वसूली का काला खेल चलता है।
Read more- अमरावती में लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ के बाद 13 गैंगस्टर गिरफ्तार
“खिलाड़ियों के खिलाड़ी” कौन?
मरांडी ने आरोप लगाया कि इस खेल में मनोज जिले-जिले में एजेंट बिठाकर वसूली करा रहे हैं, वहीं किशन दिल्ली से लेकर रांची तक ‘सिस्टम’ सेट कर रहे हैं। फॉर्च्यूनर गाड़ी का मेंटेनेंस बिल तक किसी तीसरे व्यक्ति द्वारा उठाया जा रहा है — जिससे ये साफ होता है कि इस पूरे नेटवर्क को किसी बड़े नेता का संरक्षण प्राप्त है।
“मुख्यमंत्री जी, चुप्पी क्यों?”
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या उन्हें इस ‘गैंग्स ऑफ कोल माफिया’ की खबरें नहीं मिल रही हैं? उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री की कोई हिस्सेदारी है, तो शायद चुप रहना ही उन्हें ठीक लग रहा है। लेकिन उन्होंने चेताया कि देर हो सकती है, पर न्याय जरूर होगा।
उन्होंने कहा–“थोड़ा इंतज़ार कीजिए… अभी तो फिल्मी स्क्रिप्ट देखिए, आगे असली कार्रवाई भी होगी।”
Read more- रांची समेत कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने दी वज्रपात की आशंका












