बिहार सरकार ने राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत देते हुए एक अहम निर्णय लिया है. कुछ समय पहले भारत और पाकिस्तान के बीच उत्पन्न तनाव के चलते राज्य सरकार ने सभी सामान्य छुट्टियों पर रोक लगा दी थी, लेकिन अब हालात सामान्य होने के बाद सरकार ने इस आदेश को वापस ले लिया है.
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान छुट्टियों पर लगी थी रोक
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े हुए तनाव के दौरान राज्य सरकार ने सभी सरकारी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी थी ताकि प्रशासन किसी भी आपात स्थिति में तत्पर रहे और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बने. पटना, पूर्णिया समेत छह जिलों में मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी ताकि सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा सके.
हालात सामान्य होने के बाद निर्णय में बदलाव
हालात में सुधार होने के बाद और सीमा पर तनाव कम होने के बाद राज्य सरकार ने अपने पुराने आदेश पर पुनर्विचार किया. सामान्य प्रशासन विभाग ने नया आदेश जारी किया, जिसमें कहा गया कि अब राज्य के सभी सरकारी और पुलिसकर्मी छुट्टी के लिए आवेदन कर सकते हैं. सचिव मो. सोहैल द्वारा जारी किए गए निर्देश में कहा गया कि पहले का आदेश अब निरस्त किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों को राहत मिली है, खासकर उन लोगों को जो निजी कारणों से छुट्टी की जरूरत थी.













