Ranchi: रांची के कांके स्थित सुकुरहुटू के हवेली बैंक्वेट हॉल में सोमवार को भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गई। भाजपा ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और 30 सांगठनिक जिलों के जिला अध्यक्ष एवं प्रभारियों ने हिस्सा लिया।
समाज के अंतिम पायदान तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचने और केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों और गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख किया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल बेमिसाल रहा है। उन्होंने झारखंड में साहिबगंज में गंगा नदी पर पुल, एम्स, मेडिकल कॉलेज, रेलवे स्टेशनों के विकास और हाईवे निर्माण सहित विभिन्न कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
एमएमडीआर बिल से झारखंड के हक और अधिकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा-बाबूलाल
मरांडी ने एमएमडीआर बिल को लेकर भी केंद्र सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इस कानून से झारखंड के हक और अधिकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने राज्य में खनिजों की बिक्री और राजस्व से जुड़े मुद्दों पर भी राज्य सरकार को घेरा।
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं, छात्रों, महिलाओं और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पीपीटी के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 5, 6 और 7 सितंबर को जिला स्तरीय तथा 8, 9 और 10 सितंबर को मंडल स्तरीय कार्यशालाएं होंगी।
17 सितंबर को हर घर में आशीर्वाद का दीया जलाने का कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को हर घर में आशीर्वाद का दीया जलाने सहित पूरे महीने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के लिए 14 कार्यक्रमों के प्रदेश स्तरीय संयोजक और सहसंयोजकों की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बिरंची नारायण ने दिया। कार्यशाला में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय और दीपक प्रकाश समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









