ब्रेकिंग न्यूज: केरल की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए वीडी सतीशन को राज्य का नया मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। 61 वर्षीय सतीशन पारावूर सीट से विधायक हैं। विधानसभा चुनाव नतीजों के 10 दिन बाद कांग्रेस हाईकमान ने उनके नाम पर मुहर लगाई।
इससे पहले सीएम पद को लेकर कांग्रेस में लंबी खींचतान चल रही थी। मुख्यमंत्री पद की रेस में केसी वेनुगोपाल, रमेश चेनीथला और वी डी सतीशन का नाम सबसे आगे चल रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी की पहली पसंद केसी वेणुगोपाल बताए जा रहे थे। हालांकि, आखिरकार पार्टी ने सतीशन को मौका दिया।
राहुल गांधी और खड़गे ने निभाई अहम भूमिका
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लेने से पहले कई दौर की बैठकें कीं। इस चर्चा में दीपा दासमुंशी, अजय माकन और मुकुल वासनिक भी शामिल रहे।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने भी इस पूरे घटनाक्रम में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहले खड़गे से लंबी बैठक की और बाद में केसी वेणुगोपाल से अलग मुलाकात कर उन्हें मनाने की कोशिश की। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि पार्टी नेतृत्व किसी भी तरह अंदरूनी विवाद खत्म कर एक मजबूत चेहरा सामने लाना चाहता था। जिसके बाद वीडी सतीशन के नाम पर अंतिम मुहर लगी।
UDF को मिला प्रचंड बहुमत
बताते चलें कि केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले UDF गठबंधन ने 140 में से 102 सीटें जीतकर शानदार जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 63 सीटें मिली हैं। वहीं, सहयोगी दल Indian Union Muslim League (IUML) के पास 22 सीटें, Kerala Congress (Joseph) के पास 8 और Revolutionary Socialist Party के पास 3 सीटें हैं। बताया जा रहा है कि कई सहयोगी दलों और वरिष्ठ नेताओं ने सतीशन के नाम का समर्थन किया था।
अब सभी की नजरें वी डी सतीशन की नई सरकार और उनके फैसलों पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि सतीशन युवा नेतृत्व और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश करेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस ने संगठन और गठबंधन संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। अब सतीशन के सामने सरकार चलाने और चुनावी वादों को पूरा करने की बड़ी चुनौती होगी।








