Breaking News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शनिवार सुबह काफी देर तक परिवार के लोग घर से बाहर नहीं निकले तो पड़ोसियों को शक हुआ। दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर सभी बिस्तर पर पड़े दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीपदम गांव की है। मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11) और साक्षत (3) तथा बेटी मिष्टी (7) के रूप में हुई है। यह गांव जेवर एयरपोर्ट से करीब छह किलोमीटर और जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर है।
बिस्तर पर मिले पांचों के शव
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुई। एक चारपाई पर महेश का शव बेटे से लिपटा मिला। दूसरे बिस्तर पर ललिता, उनके छोटे बेटे और बेटी के शव मिले। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
पड़ोसियों के मुताबिक, महेश मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते थे। परिवार के सभी सदस्यों ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे खाना खाया था और इसके बाद सोने चले गए थे। परिवार के लोग आमतौर पर सुबह जल्दी उठते थे, लेकिन शनिवार को घर में हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई।
नूडल्स खाने की बात आई सामने, जांच जारी
मिली जानकारी के मुताबिक परिवार के सदस्यों ने रात में सोने से पहले नूडल्स खाए थे। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि मौत का संबंध नूडल्स खाने से है या नहीं।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। फोरेंसिक टीम को रसोई में एक बर्तन में नूडल्स लगे मिले, जिसे जांच के लिए लैब भेजा गया है।
पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी एक कारण को जिम्मेदार मानना जल्दबाजी होगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









