Ranchi: हटिया डैम से एक युवती का शव बरामद होने के मामले में पुलिस को पहचान से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। शव के पास से एक पाउच बरामद हुआ है, जिसमें युवती का आधार कार्ड रखा हुआ था। दस्तावेज़ के आधार पर पुलिस युवती की पहचान की पुष्टि में जुट गई है।
आधार कार्ड से खुल सकता है पहचान का राज
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बरामद आधार कार्ड के माध्यम से युवती की उम्र और पते से जुड़ी जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि होने तक पहचान सार्वजनिक नहीं की है। आधार विवरण का सत्यापन संबंधित विभाग से कराया जा रहा है।
फिर वही सवाल—आत्महत्या, हादसा या हत्या?
हटिया और धुर्वा डैम से बार-बार शव मिलने की घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जांच में किसी तरह के संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
आए दिन डैम में मिल रहे शव, सुरक्षा व्यवस्था नाकाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम क्षेत्र में न तो पर्याप्त निगरानी है और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम। इसी का नतीजा है कि यह इलाका संदिग्ध गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस का कहना है कि पहचान की पुष्टि और परिजनों से संपर्क के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












