केंद्र सरकार के Budget 2026 में आम आदमी, मिडिल क्लास परिवारों, छात्रों और सीनियर सिटीजन्स को सीधा फायदा पहुंचाने वाले कई बड़े ऐलान किए गए हैं। वित्त मंत्री ने बजट को “परिवारों की समृद्धि से राष्ट्र की मजबूती” के विजन से जोड़ते हुए टैक्स बोझ कम करने, नियम आसान बनाने और बचत को सुरक्षित करने पर खास जोर दिया है।
मिडिल क्लास को बड़ी राहत: टैक्स और कस्टम्स नियम हुए आसान
Budget 2026 में मिडिल क्लास के लिए सबसे बड़ा फोकस टैक्स और कस्टम्स प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर रहा।
अब विदेश यात्रा से लौटते समय एक लैपटॉप को पर्सनल सामान के रूप में लाने को लेकर स्पष्ट नियम तय कर दिए गए हैं। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए ऑनलाइन और मोबाइल ऐप से कस्टम डिक्लेरेशन व ड्यूटी पेमेंट की सुविधा मिलेगी, जिससे एयरपोर्ट पर लगने वाला समय और झंझट कम होगा।
विदेश से स्थायी रूप से लौटने वालों के लिए घरेलू सामान की ड्यूटी-फ्री सीमा बढ़ा दी गई है। साथ ही पर्सनल इंपोर्ट्स और गिफ्ट्स पर एक समान कस्टम ड्यूटी लागू होने से नियमों की उलझन खत्म होगी।
स्वास्थ्य सेक्टर में राहत: कैंसर और दुर्लभ बीमारियों की दवाइयां सस्ती
स्वास्थ्य मोर्चे पर बजट ने बड़ी राहत दी है।
- 17 कैंसर की जीवनरक्षक दवाओं पर कस्टम ड्यूटी पूरी तरह खत्म
- 7 दुर्लभ बीमारियों के इलाज से जुड़ी दवाइयों और विशेष न्यूट्रिशन फूड को भी ड्यूटी-फ्री किया गया
इस फैसले से इलाज का खर्च कम होगा, जिसका सीधा फायदा मरीजों और बुजुर्गों को मिलेगा।
स्टूडेंट्स के लिए खुशखबरी: विदेश में पढ़ाई होगी सस्ती
विदेश में पढ़ाई का सपना देखने वाले छात्रों के लिए बजट 2026 राहत लेकर आया है।
लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम (LRS) के तहत शिक्षा और मेडिकल खर्चों के लिए भेजी जाने वाली राशि पर TCS घटाकर 2% कर दिया गया है, जो पहले 5% था।
Read More: Budget 2026: क्या हुआ सस्ता, क्या हुआ महंगा? पूरी लिस्ट देखें
इससे:
- शुरुआती वित्तीय दबाव कम होगा
- एजुकेशन लोन पर निर्भरता घटेगी
- स्टडी मटेरियल और पार्सल की कस्टम क्लियरेंस तेज होगी
सीनियर सिटीजन्स को आय सुरक्षा: कम कागजी काम, ज्यादा सुकून
Budget 2026 में बुजुर्गों के लिए “कम कागजी काम, ज्यादा सुकून” की सोच दिखी है।
अब:
- Form 15G/15H एक ही विंडो से जमा होगा
- लोअर या निल TDS सर्टिफिकेट की प्रक्रिया पूरी तरह ऑटोमेटेड होगी
- रिवाइज्ड रिटर्न भरने की समय-सीमा 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च कर दी गई है, वो भी नाममात्र शुल्क पर
कैंसर और दुर्लभ बीमारियों की दवाओं पर ड्यूटी छूट बुजुर्गों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
आम आदमी के लिए विदेश घूमना हुआ सस्ता
बजट का असर आम नागरिकों की जेब पर भी दिखेगा।
- माइक्रोवेव ओवन के जरूरी कंपोनेंट्स पर कस्टम ड्यूटी हटने से घरेलू उपकरण सस्ते हो सकते हैं
- ओवरसीज टूर पैकेज पर TCS अब सिर्फ 2%, जो पहले 5% और कुछ मामलों में 20% तक था
इससे विदेश यात्रा का खर्च अचानक बढ़ने से बचेगा।













