Jharkhand News: रांची बहुचर्चित भारतीय युवक संघ, बकरी बाजार ने शारदीय नवरात्र को लेकर अपनी तैयारियाँ शुरू कर दी है. संस्था ने इस वर्ष का दुर्गा पूजा पंडाल कंबोडिया स्थित विश्व प्रसिद्ध अंकोरवाट मंदिर की थीम पर बनाने का संकल्प लिया है. जिसकी शुरुआत बुधवार को भूमि पूजन से की गई.
110 फीट ऊंचा पंडाल, 14,400 वर्ग फीट क्षेत्र में होगा निर्माण
संघ के सचिव रवि रोहतगी ने बताया कि यह विशाल पंडाल करीब 14,400 वर्ग फीट क्षेत्र में फैला होगा और इसकी ऊंचाई लगभग 110 फीट होगी. इसका निर्माण पार्वती डेकोरेटर्स, जो बंगाल की पारंपरिक शिल्पकला में माहिर संस्था है, द्वारा किया जा रहा है.
read more- BIG BREAKING: अहमदाबाद में बड़ा हादसा, Air India का यात्री विमान क्रैश
प्राकृतिक सामग्रियों से सजेगा पूरा पंडाल
पंडाल की खास बात यह है कि इसकी संरचना और सजावट में प्राकृतिक और पारंपरिक सामग्रियों का उपयोग किया जाएगा. जैसे — पाठ काठी, मलाई काठी, होगला पत्ता, पाम पत्ता, बूलेन रस्सी, त्रिपुरा मैट और मदूर काठी. यह न सिर्फ पर्यावरण के अनुकूल होगा बल्कि दर्शकों को एक सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी देगा.
भव्य होगी मां दुर्गा की मूर्ति, 36 फीट की चौड़ाई और 26 फीट ऊंचाई
संस्था के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल ने बताया कि मां दुर्गा की मूर्ति भी इस बार बेहद भव्य और दिव्य रूप में प्रस्तुत की जाएगी. इसका निर्माण बंगाल के प्रसिद्ध मूर्तिकार अनूप दा द्वारा किया जा रहा है. मूर्ति की चौड़ाई 36 फीट और ऊंचाई 26 फीट होगी, और इसका श्रृंगार भी पंडाल में इस्तेमाल की गई प्राकृतिक वस्तुओं से ही किया जाएगा.













