रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत को अनुशासनहीन और असम्मानजनक आचरण के मामले में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने की है। जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता ने थाना प्रभारी पर अपमानजनक व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया था। इस शिकायत की जांच का जिम्मा सिटी डीएसपी को सौंपा गया था। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने के बाद 14 अगस्त को विस्तृत रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी गई। रिपोर्ट के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया।
विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
निलंबन अवधि में लक्ष्मीकांत का मुख्यालय पुलिस केंद्र, रांची में निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें केवल जीवन यापन भत्ता (Subsistence Allowance) ही दिया जाएगा। वहीं, विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। पुलिस मुख्यालय ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है, जिसके बाद आगे की अनुशासनात्मक कार्यवाही तय की जाएगी।
अनुचित व्यवहार बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई
पुलिस विभाग का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाले अधिकारियों से मर्यादित और जिम्मेदार आचरण अपेक्षित है। ऐसे में यदि कोई पुलिसकर्मी अनुचित व्यवहार करता है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह निलंबन इसी नीति का हिस्सा है और विभाग ने साफ संकेत दिया है कि किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।













