Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं, खासकर JSSC CGL में कथित अनियमितता और पेपर लीक से जुड़े मामलों की जांच कर रही CID की कार्रवाई शुक्रवार को तेज रही। CID की विशेष जांच टीम नामकुम स्थित JSSC कार्यालय पहुंची और आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की।
सचिव सुधीर गुप्ता से दूसरी बार पूछताछ
जानकारी के मुताबिक, टीम ने आयोग के कार्यालय में कई गोपनीय दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान कुछ OMR शीट और दस्तावेज बरामद किए जाने की बात सामने आई है। सचिव सुधीर गुप्ता से आज दूसरी बार पूछताछ होने की जानकारी है।
सचिव के निजी आवास पर भी पहुंचकर तलाशी ली
इससे पहले CID की टीम ने शुक्रवार सुबह मोरहाबादी के हरिहर सिंह रोड स्थित सचिव के निजी आवास पर भी पहुंचकर तलाशी ली। बताया जा रहा है कि वहां कई घंटे चली कार्रवाई के दौरान कुछ फाइलों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई। इसके बाद टीम JSSC मुख्यालय पहुंची।
JSSC कार्यालय में सचिव से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच को भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी से जुड़ी जांच के अहम हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, आवास पर तलाशी और बरामदगी से जुड़ी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









