Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के लगभग 2015 युवाओं को नए साल से पहले बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। ये सभी अभ्यर्थी झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CGL)-2023 में सफल हुए हैं। मुख्यमंत्री 30 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में दोपहर 2 बजे आयोजित कार्यक्रम में सफल उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को लेकर तैयारियां शुरू
मुख्यमंत्री सचिवालय ने नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को लेकर कैबिनेट और जिला प्रशासन को तैयारियां शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं। कार्यक्रम को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है।
लंबे समय तक चला विवाद
गौरतलब है कि CGL-2023 परीक्षा को लेकर राज्य में लंबे समय तक विवाद चला, जो अंततः झारखंड हाईकोर्ट तक पहुंचा। हाईकोर्ट ने विस्तृत सुनवाई के बाद 3 दिसंबर 2025 को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को परीक्षा परिणाम जारी करने का आदेश दिया था। इसके बाद 8 दिसंबर को नेपाल गए 10 अभ्यर्थियों को छोड़कर अन्य सभी सफल उम्मीदवारों का रिजल्ट जारी कर दिया गया।
रिजल्ट जारी होने के बाद बीते एक सप्ताह से विभिन्न विभागों द्वारा सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई। मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की तिथि भी तय कर दी गई।
इन पदों पर की जा रही नियुक्ति
CGL-2023 के तहत कुल 847 सहायक सचिवालय पदाधिकारी (ASO), 293 कनीय सचिवालय सहायक, 170 श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, 4 प्लानिंग असिस्टेंट, 191 प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, 249 प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और 178 अंचल निरीक्षक पदों पर नियुक्ति की जा रही है।
Read more- Jharkhand Special Teacher Vacancy 2025: 3451 पदों पर बंपर भर्ती, आवेदन शुरू
सूत्रों के अनुसार, सरकार सुप्रीम कोर्ट में संभावित हस्तक्षेप से पहले नियुक्ति पत्र सौंपकर CGL परीक्षा से जुड़े विवाद को समाप्त करना चाहती है। कुछ अभ्यर्थियों द्वारा सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की गई है, हालांकि अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं आया है।












