Jharkhand News: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी रांची समेत राज्य के आधे से अधिक जिलों में सुबह से ही कोहरे की चादर छाई रही, जिससे सामान्य दिनचर्या बाधित हुई।
उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही बर्फीली हवाओं के कारण ठंड और अधिक चुभने लगी है। बीते 24 घंटों में रांची के पास स्थित कांके राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के चलते लोगों को खास राहत नहीं मिल पा रही है।
Read more- Dhanbad में 45 दिनों बाद Barmasia Overbridge बहाल, लाखों लोगों ने ली राहत की सांस
Jharkhand के 13 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, रामगढ़, हजारीबाग, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा, लोहरदगा समेत कुल 13 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में दृश्यता (विजिबिलिटी) कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
23 दिसंबर तक बनी रहेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार 19 से 23 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहने के बावजूद ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। विशेष रूप से लातेहार और कोडरमा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा।












