रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री और सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बिहार में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम का विरोध तुष्टीकरण की मानसिकता के तहत कर रही है, जबकि इसे माननीय न्यायालय ने वैध ठहराया है और आम जनता को इससे कोई आपत्ति नहीं है।
अपनी ही सरकार के फैसले को राहुल गांधी ने चौराहे पर किया फाड़ा
डॉ. वर्मा ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संवैधानिक संस्थाओं के विरोध से भरा रहा है। जब संस्थाएं इनके अनुसार काम नहीं करतीं, तो ये उनके खिलाफ खड़े हो जाते हैं. चाहे वह चुनाव आयोग हो, ईडी, सीबीआई या न्यायालय। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने अपनी ही सरकार के फैसले को चौराहे पर फाड़ दिया था।
उन्होंने झारखंड में पेसा कानून के लागू न होने का जिम्मेदार भी कांग्रेस को ठहराया और आरोप लगाया कि पार्टी तुष्टीकरण के चलते पारंपरिक कानून व्यवस्था से समाज को काटना चाहती है। कांग्रेस को आदिवासी, दलित और पिछड़ा वर्ग विरोधी बताते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी कभी भी इन वर्गों की सच्ची हितैषी नहीं रही। डॉ. वर्मा ने कांग्रेस पर लोकतंत्र और संविधान की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि यह एक परिवारवादी पार्टी है, जो देश को भी परिवार के कानून से चलाना चाहती है।











