Ranchi: बॉम्बे हाईकोर्ट की गंभीर टिप्पणी और शांतिपूर्ण आंदोलनों को दबाने की केंद्र सरकार की कोशिशों पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अख्तर अली ने भाजपा और चुनाव आयोग पर करारा हमला बोला है।
अख्तर अली ने कहा कि बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा बेंच ने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया और फॉर्म-8 खारिज करने पर चुनाव आयोग को जिस तरह फटकारा है, उससे पूरे तंत्र की बदनीयती बेनकाब हो गई है। कोर्ट का यह कहना कि कानून भूलो, सॉफ्टवेयर फॉलो करो, ऐसा नहीं हो सकता, यह साबित करता है कि चुनाव आयोग नियमों को दरकिनार कर केवल एक सॉफ्टवेयर के जरिए वैध मतदाताओं के अधिकार छीन रहा है। जब एक ही परिवार के 6 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब कर दिए जाते हैं, तो यह साफ है कि यह कोई तकनीकी गलती नहीं बल्कि भाजपा के पक्ष में की जा रही बड़ी चुनावी धांधली है।
भाजपा सरकार पुलिस के दम पर प्रदर्शन रोकने की कोशिश कर रही
कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि इस धांधली और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ जब आज छात्र संगठन और आम जनता दिल्ली के जंतर-मंतर और मुंबई के शिवाजी पार्क में सड़कों पर उतर रही है, तो भाजपा सरकार पुलिस के दम पर प्रदर्शन की अनुमति तक नहीं दे रही है।
49 दिनों तक चले पिछले आंदोलनों में निर्दोष युवाओं पर 13-13 एफआईआर दर्ज की गईं। लोकतंत्र में जनता की आवाज दबाने और शांतिपूर्ण प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगाने का यह रवैया भाजपा के तानाशाही और डरपोक चेहरे को दर्शाता है।
अख्तर अली ने मांग की कि चुनाव आयोग अपनी असंवैधानिक कार्यशैली बंद करे और भाजपा सरकार लोकतंत्र में विरोध के मौलिक अधिकार का हनन करना बंद करे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.











