Dhanbad: साइबर अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत पुलिस ने निरसा थाना क्षेत्र के पिठाकियारी गांव में छापेमारी कर 11 कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 लाख 85 हजार रुपये नकद, 19 मोबाइल फोन, सात एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक समेत कई दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में 35 पुलिस पदाधिकारियों और 120 महिला-पुरुष जवानों की विशेष टीम बनाई गई थी। टीम को सूचना मिली थी कि पिठाकियारी गांव में कुछ लोग साइबर अपराध से जुड़ी किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर प्रशिक्षु सहायक पुलिस अधीक्षक अंकित सिन्हा, एसडीपीओ लीलेश्वर महतो और डीएसपी (सीसीआर) प्रदीप कुमार साव समेत कई थाना और ओपी प्रभारियों की मौजूदगी में गांव में छापेमारी की गई।
पुलिस ने श्याम सुंदर रविदास, राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास, सचिन रविदास, मलय रविदास, श्यामापदो रविदास, झंटू ठाकुर, कुदन वर्णवाल, अरमान रविदास, अजय रविदास, विजय रविदास और सागर रविदास को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, सभी पिठाकियारी गांव के रहने वाले हैं।
नकदी और मोबाइल समेत कई सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को कुल 2.85 लाख रुपये नकद मिले। इनमें 2.03 लाख रुपये सचिन रविदास और 82 हजार रुपये सागर रविदास के पास से बरामद किए गए। इसके अलावा 19 मोबाइल फोन, सात एटीएम कार्ड, कई बैंक पासबुक और चेकबुक, पांच आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और साइबर ठगी से संबंधित जानकारी वाली एक डायरी भी पुलिस के हाथ लगी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में राहुल रविदास, श्याम सुंदर रविदास, श्यामापदो रविदास, सचिन रविदास, मलय रविदास और सागर रविदास के खिलाफ पहले से साइबर ठगी और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं।
मामले में निरसा थाना में कांड संख्या 334/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis










