कतरास: धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। लिलौरी स्थान के समीप चास-राजगंज फोरलेन स्थित रेलवे फाटक पर तेज रफ्तार हुंडई कार सुरक्षा के लिए लगाए गए हाइट गेट से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही देर में वाहन में आग लग गई।
बताया जा रहा है कि कार चास की ओर से आ रही थी। रेलवे फाटक के पास पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में हाइट गेज से जा भिड़ा। टक्कर के बाद कार में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया।
हादसे के दौरान कार में सवार लोगों ने किसी तरह जलती हुई गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में सवारों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
हादसे के बाद व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क और रेलवे फाटक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि फाटक के पास पर्याप्त रोशनी, स्पष्ट दिशा-निर्देश और सांकेतिक बोर्ड नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की मांग की है। हालांकि हादसा किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











