Ranchi News: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रेस वार्ता कर साफ किया कि पार्टी के सभी विधायक और सांसद हर मुद्दे पर एकमत हैं और संगठन के भीतर किसी तरह का मतभेद नहीं है.
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को उनके 83वें जन्मदिवस पर बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु जीवन और संगठन को मजबूती देने की कामना की.
25 जुलाई को होगा ‘भागीदारी न्याय सम्मेलन’
कमलेश ने बताया कि 25 जुलाई को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में कांग्रेस ओबीसी विभाग द्वारा भागीदारी न्याय सम्मेलन का आयोजन किया गया है. इस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मल्लिकार्जुन खड़गे, और समापन सत्र में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शामिल होंगे. झारखंड से सैकड़ों कार्यकर्ता और आम लोग इसमें भाग लेंगे.
read more- मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला! रनवे से फिसल गया एयर इंडिया का विमान– जानें क्या हुआ
संगठन सृजन तेज़ी से जारी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन सृजन की प्रक्रिया ज़िला, प्रखंड और मंडल स्तर तक पूरी हो चुकी है. इस महीने के अंत तक समितियों का गठन और 15 अगस्त तक बीएलए स्तर तक काम पूरा कर लिया जाएगा. वर्तमान में सभी जिलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.
मंत्रियों पर फैलाई जा रही भ्रांतियां
कमलेश ने हालिया मीडिया रिपोर्टों को लेकर नाराज़गी जताई और कहा कि कांग्रेस नेताओं एवं मंत्रियों को लेकर सोशल मीडिया में भ्रम फैलाया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह केवल पेयजल संकट के समाधान के लिए अधिकारियों से मिलने गई थीं, लेकिन इसे धरना बताकर ग़लत तस्वीर पेश की गई. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के पुत्र कृष अंसारी केवल अपने शिक्षक को देखने अस्पताल गए थे. उन्होंने न तो किसी अधिकारी को सूचना दी, न ही हस्तक्षेप किया, फिर भी यह मुद्दा राजनीतिक रंग दे दिया गया. विधायक राजेश कच्छप के म्यूटेशन प्रकरण को अनावश्यक तूल दिया गया, जबकि उन्होंने कोई अनुचित व्यवहार नहीं किया.
read more- रांची एयरपोर्ट में बड़ा हादसा टला, बारिश से गिरी दीवार; बाल-बाल बचे यात्री
एचईसी ज़मीन मामले में सरकार करेगी वैधानिक कार्रवाई
एचईसी ज़मीन मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में कमलेश ने कहा कि कंपनी के पास 8000 एकड़ ज़मीन थी, जिसमें से कई हिस्सों पर अब तक निर्माण नहीं हुआ. सरकार वर्तमान वैधानिक प्रक्रिया के तहत इस पर आवश्यक कार्रवाई करेगी.
महागठबंधन पूरी तरह एकजुट
उन्होंने दोहराया कि महागठबंधन की सरकार मजबूत है, जिसका नेतृत्व एक युवा और प्रतिबद्ध मुख्यमंत्री कर रहे हैं. कैबिनेट जनहित की योजनाओं को ज़मीनी स्तर पर लागू करने में जुटी है. कमलेश ने कहा, “जनता की समस्याएं उठाना सरकार से नाराज़गी नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक ज़िम्मेदारी है. भाजपा हर छोटे मुद्दे को बेवजह राजनीतिक रंग देने में लगी है.”
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस दौरान AICC सचिव और झारखंड प्रभारी डॉ. सीरीबेला प्रसाद, विधायक राजेश कच्छप, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, सोशल मीडिया अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, प्रवक्ता सोनाल शांति सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.












