Ranchi: झारखंड के विकास और आर्थिक भविष्य को लेकर प्रदेश कांग्रेस 11 नवंबर को रांची में ‘थिंक 29’ के तहत विशेष व्याख्यान और नीति संगोष्ठी आयोजित करेगी। इसमें देशभर के पेशेवरों, अर्थशास्त्रियों, उद्यमियों, शिक्षाविदों और नीति विशेषज्ञों के साथ राज्य की विकास प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी। कांग्रेस का लक्ष्य वर्ष 2029 तक झारखंड के लिए एक दूरदर्शी और जन-केंद्रित विकास रोडमैप तैयार करना है।
मधु गौड़ यास्खी और झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू होंगे शामिल
सोमवार को कांग्रेस भवन, रांची में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी और झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 11 नवंबर को रांची पहुंचेंगे।
संगोष्ठी में खनिज संपदा का स्थानीय स्तर पर उपयोग, युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता, औद्योगिक विकास, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आदिवासी अधिकार जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा। खास तौर पर एमएसएमई और औद्योगिक विकास को लेकर नीतिगत सुझाव तैयार करने पर जोर रहेगा।
थिंक-2029 से मिलने वाले सुझाव सरकार को सौंपे जायेंगे
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि ‘थिंक-2029’ का उद्देश्य झारखंड के पेशेवरों को विकास और आर्थिक नीति पर गंभीर चिंतन के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है। यहां से मिलने वाले सुझाव सरकार को सौंपे जायेंगे।
इसी दिन शाम चार बजे फिरायालाल वैंक्वेट हॉल में महिला प्रोफेशनल्स और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से महिला सशक्तिकरण पर कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें दोनों वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव के अनुसार, दोनों नेता 11 नवंबर को सुबह 11:30 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। कार्यक्रम के बाद 12 नवंबर को सुबह आठ बजे हैदराबाद रवाना होंगे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








