Dhanbad: बोकारो जिले के भुजुडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत पोलकिरी भुजुडीह गांव में मंगलवार की सुबह पड़ोसियों द्वारा किए गए जानलेवा हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। इस हमले में एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
घायलों की पहचान अनुज कुमार ठाकुर, निलेश ठाकुर, किशोर ठाकुर, मनोज ठाकुर, गोपाल ठाकुर, सावित्री देवी एवं प्रतिमा देवी के रूप में की गई है। सभी घायलों को धारदार हथियारों से गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि सोमवार की शाम गांव के क्रिकेट ग्राउंड के पास दो बच्चों के बीच मामूली विवाद हुआ था। उसी रात गांव के मुखिया की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बैठक कर विवाद को सुलझा लिया गया था और समझौता भी हो गया था। इसके बाद माहौल पूरी तरह शांत हो गया था।
Read More: कोलकाता से आरा जा रही यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त, बड़ा हादसा टला
परिजनों के अनुसार मंगलवार की सुबह अचानक 8 से 10 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने अनुज कुमार ठाकुर के घर पर धावा बोल दिया। आरोप है कि हमलावर चाकू, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे से लैस थे। घर में घुसकर महिलाओं और पुरुषों पर अंधाधुंध हमला किया गया तथा ईंट-पत्थर भी चलाए गए।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें धनबाद रेफर कर दिया।
पीड़ित पक्ष ने अनूप ठाकुर, अंजन ठाकुर, शंकर ठाकुर समेत अन्य लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलते ही भुजुडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








