Ranchi: छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और हालिया छात्र आंदोलन को लेकर इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस, राजद, झामुमो और माले के नेता शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव के समक्ष मांग रखी कि छात्र आंदोलन और छात्रों के नाम पर अराजकता फैलाने वाले तत्वों को अलग-अलग चिन्हित कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि छात्र आंदोलन के दौरान गठबंधन के लोग छात्रों के साथ खड़े थे। छात्रों की मांगों पर सरकार ने गंभीरता से विचार करते हुए कार्रवाई भी की है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के बाद पूरे मामले को अलग दिशा में ले जाकर भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की गई।
राजेश ठाकुर ने कहा कि आंदोलन से पहले ही सीआईडी ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी थी। पूर्व अध्यक्ष को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और दो दर्जन से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में पूछताछ और जांच जारी है। उन्होंने सीजीएल से जुड़े मामले में भी जांच की गति तेज करने की मांग की।
वीडियो फुटेज मुख्य सचिव को सौंपा
प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं से जुड़े वीडियो फुटेज भी मुख्य सचिव को सौंपे। नेताओं ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई को लेकर लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं, इसलिए आंदोलन में शामिल लोगों और अराजक गतिविधियों में शामिल तत्वों की पहचान कर निष्पक्ष कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन की आड़ में भाजपा के विभिन्न विंग से जुड़े लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। नेताओं ने कहा कि सरकार को बदनाम करने के लिए अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई जरूरी है। हालांकि, यदि किसी छात्र की भी भूमिका कानून-व्यवस्था बिगाड़ने में सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
“छात्रों के प्रति सहानुभूति, अराजक तत्वों पर हो कार्रवाई”
जेएमएम नेताओं ने कहा कि छात्रों के प्रति पूरी सहानुभूति है और उनकी जायज मांगों पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए। साथ ही छात्रों की आड़ में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने सीआईडी जांच में तेजी लाने और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह भी मुख्य सचिव से किया।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









